logo

केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में इंडिया गठबंधन का प्रदर्शन; शरद पवार, अखिलेश व संजय राउत ने केंद्र को घेरा

sharad3.jpg

 द फॉलोअप नेशनल डेस्क 

अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में आज दिल्ली के जंतर-मंतर मैदान में इंडिया गठबंधन के नेताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। इसमें शरद पवार, अखिलेश यादव, वाम नेता सीताराम येचूरी, संजय राउत, राजद के मनोज झा सरीखे नेता शामिल हुए। इस दौरान शरद यादव ने कहा, "अरविंद केजरीवाल जी को दिल्ली की जनता ने 3 बार अपना मुख्यमंत्री चुना है। दिल्ली में उनके शासन ने पूरे देश के सामने उदाहरण पेश किया है। जनता को उनका भरपूर प्यार मिला। इसी से परेशान होकर नरेंद्र मोदी और बीजेपी की सरकार ने प्रजातंत्र पर हमला करके षड्यंत्र रचा और उन्हें साजिशन जेल में डाल दिया और वहां उनकी तबीयत से खिलवाड़ किया जा रहा है।"

अखिलेश यादव ने कहा कि जनता के लिए काम करने वाले मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ अन्याय हो रहा है। जेल में उनकी बिगड़ती तबीयत को लेकर हम सभी चिंतित हैं। कहा, आज मुझे यह देखकर ख़ुशी हो रही है कि भले आज AAP के नेता केजरीवाल जी जेल में हैं लेकिन उनके कार्यकर्ता कमजोर नहीं हुए हैं। वह और भी मजबूत होकर तानाशाह के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं। अखिलेश ने आगे कहा, आप पार्टी के नेता जेल भले ही चले गए हो लेकिन उनके कार्यकर्ताओं का मनोबल नीचे नहीं हुआ है, मैं उन्हें बधाई देता हूं।

शिवसेना के संजय राउत ने कहा, "आम आदमी पार्टी, अरविंद केजरीवाल, शिवसेना और उद्धव ठाकरे जी का DNA एक जैसा ही है। हम लोग हमेशा ही अन्याय के खिलाफ लड़ते रहे हैं और लड़ते रहेंगे। हम डरेंगे नहीं और झुकेंगे नहीं। हम तानाशाही के खिलाफ लड़ते रहेंगे। आज इस संघर्ष की घड़ी में हम सब अरविंद केजरीवाल जी के साथ खड़े हैं।" राजद के मनोज झा ने कहा, अरविंद केजरीवाल देश के सबसे दो ताकतवर और तानाशाह लोगों के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं और इसलिए उन्हें जेल भेजा गया और वहां उनकी तबीयत बिगाड़ने की साजिश रची जा रही है।


 

Tags - Arvind KejriwalIndia AllianceJharkhand News